सगमा (गढ़वा): प्रखंड अंतर्गत मकरी गांव में जिला परिषद के माध्यम से लगभग 45 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र में घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग का मामला सामने आया है। ग्रामीणों द्वारा इस संबंध में प्रखंड प्रमुख अजय शाह से शिकायत की गई थी। शिकायत मिलने के बाद प्रमुख ने बुधवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। निरीक्षण के दौरान प्रमुख अजय शाह ने कहा कि निर्माण में बालू को छोड़कर अधिकांश सामग्री निम्न स्तर की प्रतीत हो रही है। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी किए जाने की आशंका जताई। प्रमुख के निरीक्षण के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सतीश भगत ने भी निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद बीडीओ सतीश भगत ने बताया कि प्रथम दृष्टया भवन निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री अपेक्षित गुणवत्ता की नहीं पाई गई। इसके अलावा भवन निर्माण में लगाए जा रहे सरिया की मात्रा भी संतोषजनक नहीं दिखी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में संभावित अनियमितताओं को देखते हुए अगले आदेश तक निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है। बीडीओ ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए निर्माण स्थल पर संबंधित इंजीनियर को भेजा जाएगा। इंजीनियर द्वारा विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर ही यह तय होगा कि निर्माण कार्य पुनः शुरू किया जाए या नहीं। फिलहाल जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य बंद रहेगा।

