श्री बंशीधर नगर : राज्य के निर्माता एवं पद्मभूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के मौके पर मंगलवार को यहां पीडब्ल्यूडी परिसर में श्रद्धांजलि सभा सह गोष्ठी का आयोजन किया गया। सभा का विधायक अनंत प्रताप देव ने पूर्व मंत्री स्व गिरिवर पांडेय की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दिशोम गुरु स्व शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर व दीप जलाकर किया। तत्पश्चात उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दिशोम गुरु अमर रहें एवं जब तक सूरज-चांद रहेगा, तब तक दिशोम गुरु का नाम रहेगा जैसे नारों से पूरे परिसर को गुंजायमान कर दिया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुये विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि स्वर्गीय शिबू सोरेन का संपूर्ण जीवन गरीबों, मजदूरों, किसानों तथा वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा।
उन्होंने झारखंड की पहचान, सम्मान और आदिवासी समाज को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिये ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका जीवन और योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिये सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। श्री देव ने कहा कि दिशोम गुरु के बताये मार्ग पर चलते हुये समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास, सम्मान और न्याय पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने उपस्थित महिलाओं को साड़ी व पुरुषों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके पूर्व कार्यक्रम स्थल पर विधायक अनंत प्रताप देव के पहुंचते ही झामुमो कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ शानदार स्वागत किया तथा छोटे राजा जिंदाबाद के नारे लगाये। कार्यक्रम में झामुमो के जिला उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय, कामता प्रसाद, सूर्यदेव मेहता, निर्मल पासवान, मुकेश सिंहा, प्रखंड अध्यक्ष अमरनाथ पांडेय,, झारखंड युवा मोर्चा के शहरी अध्यक्ष रजनीकांत मधुर, तस्लीम खान, जिला परिषद सदस्य बाला रानी, झामुमो नेत्री किरण कुमारी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष संध्या देवी, सीनियर महमूद आलम, देवेंद्र चौबे, विनय ठाकुर, छोटन सिंह, गोपाल चंद्रवंशी, सोहन उरांव, राणा सिंह, मनोज पासवान, अमर राम सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

