रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां तथा झामुमो संस्थापक और दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार रात करीब आठ बजे निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थीं और रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में उपचाररत थीं। स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आने के बाद उन्हें चिकित्सकों की विशेष निगरानी में रखा गया था। उनके निधन की सूचना मिलते ही झामुमो कार्यकर्ताओं, समर्थकों और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें 18 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
दिनभर गंभीर बनी रही हालत, चिकित्सक करते रहे प्रयास
बुधवार को रूपी सोरेन की तबीयत अचानक अधिक खराब हो गई थी। हार्ट रेट में लगातार उतार-चढ़ाव और गिरावट को देखते हुए चिकित्सकों ने आपात बैठक कर उपचार की रणनीति पर विचार किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए न्यूरो मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. उज्ज्वल राय सहित अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों को अस्पताल बुलाया गया। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. दीपक गुप्ता भी शाम करीब छह बजे अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने हृदय गति को नियंत्रित करने के लिए टेंपरेरी पेसमेकर लगाने का निर्णय लिया था।
अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री, कई मंत्री और वरिष्ठ नेता
मां की नाजुक स्थिति की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। कल्पना सोरेन भी दिनभर अस्पताल में मौजूद रहीं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री योगेंद्र प्रसाद तथा कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक रामेश्वर उरांव समेत कई राजनीतिक नेता अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से बातचीत की।
दिन में मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने बताया था कि रूपी सोरेन की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और डॉक्टर पूरी तत्परता से इलाज कर रहे हैं। उनकी बिगड़ती तबीयत को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने कई पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए थे। वहीं शाम को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक भी स्थगित कर दी गई थी। उनके निधन के बाद सोरेन परिवार, झामुमो कार्यकर्ताओं और पूरे राज्य में शोक का माहौल है।

