धुरकी प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को साइकिल वितरण के दौरान टाटीदीरी उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं से अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद हंगामा हो गया। बच्चों ने विद्यालय के शिक्षक पर साइकिल दिलाने के नाम पर प्रत्येक छात्र-छात्रा से 50 रुपए तक लेने का आरोप लगाया। मामला सामने आते ही मौके पर मौजूद बच्चों ने एक स्वर में कहा कि उनसे पैसे लिए गए हैं। छात्र-छात्राओं के आरोप के बाद कुछ देर के लिए प्रखंड कार्यालय परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। इसकी जानकारी मिलते ही बीडीओ अनुरंजन झा मौके पर पहुंचे और बच्चों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने वहां मौजूद टाटीदीरी उच्च विद्यालय के शिक्षक प्रमोद कुमार और पंकज भारती को तलब कर मामले को लेकर पूछताछ की। बीडीओ के हस्तक्षेप के बाद टाटीदीरी उच्च विद्यालय के शिक्षक ने बच्चों से लिए गए पैसे वापस कर दिए। इस संबंध में बीडीओ अनुरंजन झा ने कहा कि सरकारी योजना के नाम पर बच्चों से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली गंभीर मामला है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी शिक्षक या कर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में विधालय के प्रधानाध्यापक पारसनाथ यादव ने कहां की विद्यालय स्तर तक कोई पैसा नहीं लिया गया है प्रखंड कार्यालय में पहुंचने के बाद कौन पैसा लिया उसकी जानकारी मुझे नहीं है।

