भंडरिया(गढ़वा):कलश स्थापना के साथ ही भंडरिया प्रखंड में शारदीय नवरात्र का शुभारंभ उत्साह, श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में हुआ। नवरात्र के पहले दिन रविवार को भंडरिया प्रखंड एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मां दुर्गा की आराधना को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही विभिन्न देवी मंदिरों और दुर्गा मंडपों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। वैदिक मंत्रोच्चार, दुर्गा पाठ और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। प्रखंड मुख्यालय स्थित , सहित विभिन्न पूजा स्थलों पर सामूहिक रूप से कलश स्थापना कर दुर्गा पाठ प्रारंभ किया गया।
इसके अलावा भंडरिया सरिडीह कुरुण जोनहीखाड़ , बिन्दा मर्दा सहित प्रखंड के विभिन्न गांवों में भी नवरात्र को लेकर विशेष धार्मिक आयोजन शुरू हो गया है। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा शामिल हुए। मंदिरों और पूजा पंडालों के साथ श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों में भी विधि-विधान से कलश स्थापना कर दुर्गा पाठ प्रारंभ किया। नवरात्र के पहले दिन से ही क्षेत्र में धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह बज रहे भक्ति गीतों और पूजा-अर्चना से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। शारदीय नवरात्र के आगमन के साथ ही भंडरिया प्रखंड के विभिन्न गांवों में धार्मिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालु ने नौ दिनों तक मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति, समृद्धि और परिवार के साथ नगर बस्ती की खुशहाली की कामना करेंगे।

