बरडीहा (गढ़वा)। बरडीहा थाना क्षेत्र के नावाडीह जंगल में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध शराब बनाने वाली भट्ठी को ध्वस्त किया। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर लगभग 500 किलोग्राम महुआ तथा बड़ी मात्रा में शराब नष्ट किया गया।
बताते चले कि बरडीहा थाना प्रभारी राहुल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। छापेमारी का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाना है।
थाना प्रभारी राहुल सिंह ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के प्रयासों को बल मिलने की उम्मीद है।
अवैध शराब के निर्माण और सेवन से होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान को देखते हुए इस तरह की कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्षेत्र के लोगों को भी अवैध शराब से संबंधित गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई है।

