बंशीधर नगर : धुरकी विवाद को लेकर सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। झामुमो नेता ताहिर अंसारी के बयान पर पलटवार करते हुये भाजपा नेताओं ने ताहिर अंसारी पर तीखे एवं गंभीर आरोप लगाये हैं। रविवार को स्टेशन रोड स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा नेता मुकेश चौबे एवं लक्ष्मण राम पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। श्री चौबे ने कहा कि ताहिर अंसारी का इतिहास सबको पता है और वे लेवी वसूली जैसे कार्यों में संलिप्त रहे हैं, इसलिये उन्हें भाजपा या उसके कार्यकर्ताओं पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।उन्होंने नगर पंचायत चुनाव का जिक्र करते हुये ताहिर अंसारी पर हिंदू विरोधी मानसिकता का भी आरोप लगाया। श्री चौबे ने धुरकी क्षेत्र में हो रहे अवैध बालू उत्खनन पर सवाल उठाते हुये कहा कि आखिर कब तक इस अवैध कारोबार के कारण लोगों की जान जाती रहेगी। उन्होंने पूछा कि बालू का उठाव रात में ही क्यों किया जाता है, दिन में क्यों नहीं? जरूरतमंद ग्रामीणों को बालू लेने के लिये मुखिया एवं एसडीओ से अनुमति लेनी चाहिये।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रात में बालू का परिवहन जारी रहा तो भाजपा कार्यकर्ता क्षेत्र में नाकेबंदी करेंगे। वहीं लक्ष्मण राम ने भी ताहिर अंसारी पर हमला बोलते हुये कहा कि वे पुलिस के प्रवक्ता की तरह बयानबाजी कर रहे हैं और भानू प्रताप शाही पर बेवजह सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ताहिर अंसारी ने लाश का सौदा कर पैसे खाये हैं।श्री राम ने कहा कि जहां ताहिर कुछ घटनाएं गिनाते हैं, वहीं भानू प्रताप शाही सैकड़ों लोगों की मदद कर चुके हैं और कई बार रक्तदान कर लोगों की जान बचाई है। उन्होंने तीखे अंदाज में कहा कि चोर ही दूसरे को चोर बोल रहा है।

