कांडी(गढ़वा)):प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मझिगावां पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मझिगावां पूर्व से सखुईयाखला की ओर जाने वाला मार्ग बरसात के दिनों में बदहाल हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क कि लम्बाई लगभग 700 फिट है जो करीब दो दशक से अधिक समय से इस मार्ग की स्थिति खराब है। बारिश शुरू होते ही जगह-जगह कीचड़ और जलजमाव होने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। इस मार्ग से आसपास के कई घरों के लोग नियमित रूप से आवागमन करते हैं। वहीं, बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से होकर विद्यालय पहुंचते हैं। बरसात के दौरान रास्ते पर फिसलन बढ़ जाने के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी होती है। अभिभावकों को भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। कीचड़ के कारण बच्चों की स्कूल ड्रेस, जूते और किताब-कॉपियां खराब होने की समस्या भी सामने आती है। स्थानीय निवासी राजू चौबे, बृजेश चौबे और शैलेन्द्र चौबे ने बताया कि ग्रामीण लंबे समय से इस समस्या का सामना कर रहे हैं। सामान्य दिनों में लोग किसी तरह रास्ते से गुजर जाते हैं, लेकिन लगातार बारिश होने पर स्थिति और गंभीर हो जाती है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान मार्ग की बदहाली की समस्या सामने आती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने संबंधित विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मार्ग का स्थल निरीक्षण कराकर जल्द सड़क निर्माण अथवा आवश्यक मजबूतीकरण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि अस्थायी स्तर पर मरम्मत के बजाय मार्ग का स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि बरसात के मौसम में भी स्कूली बच्चों समेत ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। सड़क निर्माण की मांग करने वालों में ग्रामीण उपेंद्र नाथ चौबे, सुशील चौबे, अमन चौबे, मंहग रजवार, विमल मिश्रा, रामदास रजवार, अनुराग चौबे, बूचूंन यादव सहित कई ग्रामीणों के नाम शामिल हैं।

