कांडी(गढ़वा):लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा नए मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने के उद्देश्य से इन दिनों विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्लस टू उच्च विद्यालय कांडी में बीडीओ राकेश सहाय ने प्लस टू कक्षा में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कर उन्हें मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। संवाद के दौरान बीडीओ ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत नए मतदाताओं का पंजीकरण फॉर्म-6 के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन युवाओं की उम्र 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरी हो रही है अथवा जो पहले ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं,
वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं।बीडीओ ने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि पात्र युवा स्वयं जागरूक हों तथा अपने आसपास के ऐसे युवाओं को भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। उन्होंने कहा कि मतदाता बनना केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी जिम्मेदारी निभाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने पंजीकरण प्रक्रिया से संबंधित सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने जवाब दिया।
युवा मतदाताओं को जोड़ने की कवायद, चला विशेष जागरूकता अभियान

