सगमा (गढ़वा): धुरकी थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव के कुशवाहा टोला में पिछले कई दिनों से बिजली संकट गहराया हुआ है। ट्रांसफॉर्मर खराब होने के कारण टोले के ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामकाज के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और पेयजल व्यवस्था में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, ट्रांसफॉर्मर खराब होने की सूचना संबंधित बिजली विभाग को कई दिन पहले दी जा चुकी है, लेकिन अब तक खराब ट्रांसफॉर्मर को बदलकर नया ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया गया है। लगातार बिजली बाधित रहने से ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि सरकार की ओर से खराब ट्रांसफॉर्मर को जल्द बदलने के निर्देश दिए जाने के बावजूद स्थानीय स्तर पर मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए अविलंब नया ट्रांसफॉर्मर लगाने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है इस संबंध में उपेंद्र कुशवाहा, अशोक कुशवाहा, राम कुमार कुशवाहा, मोहन कुशवाहा, उदय कुशवाहा, संतोष कुशवाहा, विजय कुशवाहा, सतेंद्र कुशवाहा, प्रकाश कुशवाहा, काशी नाथ कुशवाहा, रत्न कुशवाहा, मुंन्द्रिका कुशवाहा, रामदुलार कुशवाहा, रामगोविंद कुशवाहा, तुलसी यादव समेत कुशवाहा टोला के अन्य ग्रामीणों ने जल्द ट्रांसफॉर्मर बदलने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र बिजली व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो वे विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तत्काल पहल कर बिजली संकट दूर कराने की अपील की है।

