रंका(गढ़वा):रंका थाना में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक अभिजीत गौतम मिश्रा न सिर्फ पुलिसिंग में सक्रिय भूमिका निभाते हैं, बल्कि समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाते हैं। अपने सरकारी कार्यों से समय निकालकर वह लगातार विभिन्न विद्यालयों में जाकर बच्चों को मोटिवेशनल क्लास साथ ही गणित और विज्ञान विषयों से संबंधित शिक्षक सामग्री सांझा करते हैं। इसी क्रम में आज रंका थाना मोड़ स्थित एसके इंटरनेशनल स्कूल की प्रार्थना सभा में शामिल हुए। विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाध्यापक जगत कुमार ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया और उन्हें बुके देकर सम्मानित भी किया। छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए पुलिस निरीक्षक अभिजीत गौतम मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में जहां बच्चे मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग के कारण अपने स्वास्थ्य विशेष कर आंखों पर गंभीर दुष्प्रभाव झेल रहे हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वह मोबाइल का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों एवं स्वाध्यन के लिए ही करें। उन्होंने यह भी कहा कि विज्ञान वरदान के साथ-साथ अभिशाप भी बन सकता है। कठिन विषयों के समाधान के लिए छात्र अपने शिक्षकों की मदद लें, न कि केवल मोबाइल के सहारे सवालों के उत्तर खोजने की आदत विकसित करें। उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित किया कि वह स्वयं अन्वेषण और तार्किक क्षमता विकसित करें क्योंकि यही उनकी वास्तविक बौद्धिक वृद्धि का आधार है। मौके पर संकुल प्रभारी संजय प्रसाद और प्रधानाध्यापक जगत कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किया तथा छात्रों को अनुशासन नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। इस मौके पर स्कूल के शिक्षक , शिक्षिका एवं छात्र-छात्राएं काफी संख्या में उपस्थित थे।

