सगमा( गढ़वा): कटहर कला पंचायत की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर पंचायत की मुखिया कलावती देवी ने क्षेत्रीय विधायक अनंत प्रताप देव से उनके आवास पर मुलाकात कर आवेदन सौंपा। आवेदन में पंचायत की कई समस्याओं का उल्लेख करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई। विधायक ने सभी बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुखिया ने आवेदन में मुख्य रूप से बावली तालाब से मध्य विद्यालय कटहर कला होते हुए मनकी टोला तक पीसीसी सड़क निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि इस सड़क की पहले मेटल-मोरम से मरम्मत कराई गई थी, लेकिन बारिश के कारण पूरी मोरम बह गई और सड़क फिर से जर्जर हो गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। पशुओं के आवागमन में भी परेशानी होती है। यह सड़क दो गांवों को जोड़ने वाली प्रमुख संपर्क सड़क है और इसी मार्ग से छात्र-छात्राएं प्रतिदिन विद्यालय आते-जाते हैं। खराब सड़क के कारण वाहन चालक इस रास्ते से आने-जाने से बचते हैं। गंभीर रूप से बीमार लोगों को अस्पताल ले जाने में कठिनाई होती है, वहीं प्रसव पीड़ा से पीड़ित महिलाओं को भी समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में परेशानी होती है। मुखिया कलावती देवी ने विधायक से आग्रह किया कि आवेदन में उल्लेखित अन्य समस्याओं के साथ इस सड़क का पीसीसी निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। आवेदन प्राप्त करने के बाद विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही सड़क निर्माण सहित अन्य समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

