मेराल(गढ़वा):प्रखंड के अरंगी पंचायत अंतर्गत पिंडरा गांव की आंगनवाड़ी सेविका सह बीएलओ उमा देवी द्वारा मेराल उत्तरी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह के विरुद्ध दर्ज कराए गए चर्चित केस में शनिवार को नया घटनाक्रम सामने आया। सेविका एवं उनके पति नागेंद्र चंद्रवंशी ने न्यायालय में शपथपत्र दाखिल कर पूर्व में जिप सदस्य पर लगाए गए आरोपों को आपसी पारिवारिक विवाद एवं तत्कालीन आवेश का परिणाम बताया तथा दर्ज कराए गए केस को समाप्त करने का अनुरोध किया।गौरतलब है कि मेराल थाना कांड संख्या 177/2026 में उमा देवी ने जिला परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह पर एसआईआर जैसे सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने तथा उनके पति के साथ मारपीट करने सहित अन्य आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

