धुरकी (गढ़वा):उत्क्रमित मध्य विद्यालय, खुटिया में पहली बार किसी महिला सहायक आचार्य की पदस्थापना हुई है। शुक्रवार को नोमी कुमारी ने इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 1–5) के पद पर विद्यालय में अपना योगदान दिया।जानकारी के अनुसार, नोमी कुमारी का चयन झारखंड सरकार की नियुक्ति प्रक्रिया के तहत इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य पद पर हुआ है। उन्होंने नियुक्ति पत्र के आलोक में पहले जिला शिक्षा अधीक्षक, गढ़वा कार्यालय में योगदान दिया। इसके बाद जिला शिक्षा अधीक्षक, गढ़वा के आदेशानुसार उन्हें उत्क्रमित मध्य विद्यालय, खुटिया में पदस्थापित किया गया। राजकीय अवकाश के कारण निर्धारित तिथि पर विद्यालय में योगदान संभव नहीं हो सका, जिसके बाद उन्होंने शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को विद्यालय पहुँचकर अपना योगदान दिया।
विद्यालय में पहली महिला शिक्षिका के रूप में उनकी पदस्थापना को लेकर स्थानीय लोगों एवं विद्यालय परिवार में प्रसन्नता का माहौल है। लोगों का मानना है कि महिला शिक्षिका के आने से विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा, मार्गदर्शन और विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण को नई दिशा मिलेगी। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।

