भवनाथपुर थाना क्षेत्र के सिंघीताली गांव में गुरुवार की सुबह प्रेमिका के घर पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची भवनाथपुर थाना पुलिस ने युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर संबंधित महिला के साथ हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, मेराल थाना क्षेत्र के बसरिया निवासी बलराम ठाकुर पिता महेंद्र ठाकुर का सिंघीताली निवासी अजय चौबे की पत्नी दीपाक्षी देवी के साथ पिछले छह साल से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। बुधवार की रात युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान महिला की सास ने बाहर से कमरे की कुंडी लगा दी और ग्रामीणों को सूचना दे दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अपने कब्जे में लिया और पूछताछ के लिए थाना ले गई। इस संबंधी थाना प्रभारी रजनी रंजन ने बताया कि किसी भी पक्ष से कोई आवेदन नहीं दिया गया था, दोनों बालिग थे, उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।

