केता(गढ़वा):झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “सरकार आपके द्वार” के तहत लगाए गए शिविरों का लाभ केतार प्रखंड के गरीब और असहाय लाभुकों को नहीं मिल पा रहा है। प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में आयोजित जनता दरबार के दौरान वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन के लिए जमा किए गए सैकड़ों आवेदन पिछले छह महीनों से प्रखंड कार्यालय में लंबित हैं।
जिला परिषद सदस्य ने डीडीसी को लिखा पत्र
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला परिषद सदस्य ज्वाला प्रसाद ने उप विकास आयुक्त (DDC) सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद गढ़वा को पत्र लिखकर अविलंब कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि पेंशन स्वीकृति में हो रहे अत्यधिक विलंब के कारण जरूरतमंदों में भारी रोष है।उन्होंने बताया कि जनता दरबार में विधिवत रूप से आवेदन प्राप्त किए गए थे,लेकिन प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) द्वारा अब तक इन पर स्वीकृति प्रदान नहीं की गई है।आलम यह है कि असहाय लाभुक पेंशन की आस में लगातार बैंकों और प्रखंड कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जानकारी नहीं मिल रही है।जिप सदस्य ने डीडीसी से मांग की है कि लंबित सभी पेंशन आवेदनों की जांच कराकर उन्हें अविलंब स्वीकृत किया जाए,ताकि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंच सके।

