केतार(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र के बत्तोकला गांव निवासी गरीबन राम पर सोमवार को प्राकृतिक आपदा ने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।प्राप्त जानकारी अनुसार गरीबन राम अपने मवेशियों को चरने के लिए खुला छोड़ दिए थे। इसी दौरान आसमान में तेज गर्जन हुई।गर्जन की आवाज सुनकर सभी मवेशी एक पेड़ के नीचे जाकर एकत्रित हो गए।इसी बीच अचानक जोरदार वज्रपात हुआ और उसकी चपेट में आने से मौके पर ही छह मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है।ग्रामीणों ने बताया कि गरीबन राम का परिवार मुख्य रूप से पशुपालन पर निर्भर है। एक साथ छह मवेशियों की मौत से परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है। पीड़ित परिवार एवं ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि गरीबन राम को इस विपत्ति की घड़ी में कुछ राहत मिल सके।

