सगमा प्रखंड स्थित भैया रूद्र प्रताप देव उच्च विद्यालय में धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत के नेतृत्व में जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में कक्षा आठवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा, मद्य निषेध, डायन-भूत प्रथा, दहेज प्रथा अधिनियम तथा नशा मुक्ति जैसे विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सरकार द्वारा संचालित आपातकालीन सेवाओं डायल 112 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के बारे में भी छात्रों को बताया गया। थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह देते हुए कहा कि नाबालिग अवस्था में वाहन चलाना कानूनन अपराध है। उन्होंने छात्रों से यातायात नियमों का पालन करने और नशे से दूर रहने की अपील की। वहीं बालिकाओं को संबोधित करते हुए दहेज प्रथा एवं डायन-भूत जैसी सामाजिक कुरीतियों से संबंधित कानूनों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में डायल 112 पर फोन कर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। वहीं साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देर किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए। थाना प्रभारी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को सामाजिक रूप से जागरूक बनाना तथा अनजाने में होने वाले अपराधों पर नियंत्रण करना है। मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक हेमंत प्रसाद यादव सहित शिक्षकगण उपस्थित थे।

