हरिहरपुर:ओपी क्षेत्र के मझिगांवा गांव में अवैध रूप से संचालित आरा मिल पर वन विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे उखाड़कर जब्त कर लिया। यह कार्रवाई रेंजर प्रमोद कुमार के निर्देश पर की गई। जानकारी के अनुसार वन विभाग को मझिगांवा गांव में बिना अनुमति के आरा मिल संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद विभागीय टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी की सहायता से आरा मिल को उखाड़ा गया तथा वहां लगे उपकरणों को जब्त कर लिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध लकड़ी कटाई एवं बिना लाइसेंस आरा मिल संचालन करने वालों के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही लोगों से वन संरक्षण कानून का पालन करने और अवैध गतिविधियों की सूचना विभाग को देने की अपील की गई है।

