
सगमा(गढ़वा):झारखंड अधिविद परिषद द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा में सगमा प्रखंड की छात्राओं ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना परचम लहराया है। इस वर्ष भी प्रखंड के तीनों शीर्ष स्थानों पर छात्राओं का कब्जा रहा, जिससे क्षेत्र में खुशी की लहर है। सगमा स्थित भैयारुद्र प्रताप देव उच्च विद्यालय की छात्रा अंजली कुमारी ने 90.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, बल्कि पूरे प्रखंड की टॉपर बनीं।
वहीं सपना कुमारी ने 88.60 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि आरती कुमारी ने 88 प्रतिशत अंक लाकर तृतीय स्थान हासिल किया।
दूसरी ओर, उच्च विद्यालय बीरबल के सभी 262 विद्यार्थियों ने परीक्षा में सफलता प्राप्त की। विद्यालय के आयुष कुमार विश्वकर्मा ने 87 प्रतिशत अंक लाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि श्रेया कुमारी ने 85.6 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं आयुष कुमार ने 82.60 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक हेमंत कुमार यादव एवं शिक्षक विकास कुमार यादव ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

