सगमा(गढ़वा):प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत घाघरी के ग्राम चैनपुर में आरबीआई के निर्देशानुसार स्वयंसेवी संस्थान अग्रगति भारत के “वित्तीय साक्षरता केंद्र सगमा” द्वारा धीरकार परिवारों के बीच वित्तीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था।वित्तीय साक्षरता केंद्र के प्रखंड समन्वयक जनार्दन प्रसाद यादव ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का अपना बैंक खाता होना जरूरी है। उन्होंने भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे जनधन खाता, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना तथा बचत खाता संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।प्रशिक्षिका ऐसून खातून ने लोगों को खातों में आधार, डीबीटी और मोबाइल नंबर जोड़ने, डिजिटल लेनदेन को सुरक्षित रखने, केवाईसी और सी-केवाईसी की प्रक्रिया तथा साइबर अपराधियों से बचाव के तरीकों के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को महाजनों से अधिक ब्याज पर ऋण लेने से बचने की सलाह दी। इस दौरान आरबीआई के संदेश “हो जाइए जानकार, बनिए समझदार” को भी समझाया गया तथा टोल फ्री नंबर की जानकारी दी गई। शिविर में एसबीआई एफएलसी कमल किशोर कुमार, झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के एसएलसी राजीव दुबे, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि रविंद्र बैठा, मोहन गुप्ता सहित सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित थे।

