डंडई(गढ़वा):डंडई थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक सत्येंद्र राय ने अपने 35 वर्षों के लंबी, निष्ठापूर्ण और समर्पित सेवा यात्रा को 31 मार्च 2026 को विराम दे दिया। वर्ष 1989 में झारखंड जिला पुलिस में अपनी सेवा की शुरुआत करने वाले सत्येंद्र राय ने अपने कार्यकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की मिसाल कायम की।01 अप्रैल 2026 को डंडई थाना परिसर में उनके सम्मान में एक भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जनता उपस्थित रही। सभी ने उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह के दौरान माहौल उस समय भावुक हो गया जब साथियों ने उनके साथ बिताए पलों को याद किया। कई लोगों की आंखें नम हो गईं। लोगो ने कहा कि सत्येंद्र राय जैसे कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी विभाग के लिए प्रेरणा स्रोत हैं, जिनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। सत्येंद्र राय ने भी सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डंडई थाना और यहां के लोगों से उन्हें हमेशा स्नेह और सहयोग मिला, जिसे वे जीवनभर नहीं भूल पाएंगे।

