डंडई(गढ़वा):प्रखंड मुख्यालय स्थित सृजन पब्लिक स्कूल में तीसरी कक्षा के एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में पढ़ाई नहीं होने की शिकायत करना छात्र को भारी पड़ गया और उसकी पिटाई कर दी गई। घटना में छात्र के जांघ पर गहरे चोट के निशान होने की बात कही जा रही है। घटना के बाद से स्थानीय अभिभावकों में आक्रोश है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रारो गांव के बेलवाटीकर टोला निवासी विनोद विश्वकर्मा का पुत्र आदर्श विश्वकर्मा (कक्षा-3) उक्त विद्यालय का छात्र है। परिजनों के मुताबिक, छात्र ने घर लौटकर बताया था कि स्कूल में नियमित पढ़ाई नहीं हो रही है और कई कक्षाएं खाली जा रही हैं, जिससे उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बेटे की इस शिकायत के बाद अभिभावक ने विद्यालय प्रबंधन से संपर्क किया। उन्होंने स्कूल के प्रिंसिपल ऋषिराज कुमार को फोन कर स्थिति से अवगत कराया और पढ़ाई व्यवस्था में सुधार करने का आग्रह किया। आरोप है कि शिकायत के बाद अगले दिन जब छात्र स्कूल पहुंचा, तो उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित छात्र के पिता के अनुसार, बच्चा स्कूल से घर लौटने पर काफी डरा हुआ था और रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी। उसने अपने शरीर पर पड़े चोट के निशान भी दिखाए, जो जांघ पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे थे।पिता का आरोप है कि जब उन्होंने इस संबंध में प्रिंसिपल से बात की, तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उनके अनुसार, प्रिंसिपल ने कहा— “स्कूल में पढ़ाई हो रही है, फिर शिकायत क्यों की जा रही है।” साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रिंसिपल ने कहा की अब मार तो दिए, अब आगे क्या करना है। मामले को लेकर पीड़ित पिता ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से निष्पक्ष जांच कराने, दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।वहीं, इस संबंध में पूछे जाने पर विद्यालय के प्रिंसिपल ऋषिराज कुमार ने सभी आरोपों से इनकार किया। उनका कहना है कि छात्र के साथ किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई है और अभिभावक द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं।.इधर, इस मामले में जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज ने कहा कि अभी तक पीड़ित छात्र के अभिभावक की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

