मेराल(गढ़वा):थाना मुख्यालय स्थित हाई स्कूल के पास रहने वाला यूट्यूबर विधायक प्रजापति 27 वर्ष ने मंगलवार की रात्रि अपने घर स्थित स्टूडियो में ही आग लगा दी जिससे करीब 10 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हो गया। आगजनी की इस घटना में पूरे परिवार की जान थाना पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा किसी तरह बचा ली गई। पड़ोसी व गोंदा के पूर्व मुखिया प्रकाश कुमार अरुण ने बताया कि शोधन प्रजापति का पुत्र विधायक प्रजापति यूटुबर था वह फिल्म एडिटिंग इत्यादि का स्टूडियो अपने घर में ही बना रखा था। विगत एक सप्ताह से उसकी मानसिक स्थिति अच्छी नहीं थी तथा मंगलवार की रात्रि करीब 10:00 बजे दरवाजा बंद कर खुद ही स्टूडियो में आग लगा दी। इसकी जानकारी मिलते यही आसपास के लोग तथा थाना प्रभारी विष्णु कांत दलबल के साथ पहुंच गए। घर में आग लगने और परिवार वालों की चीख पुकार सुन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोहा का दरवाजा नहीं खुल पाने की स्थिति में बगल का दीवार तोड़कर अंदर घुसे और बाहर से पानी डालकर आग को काबू करते हुए परिवार के सभी लोगों को घर से बाहर निकाल गया।
इतने देर में घर का ज्यादा हिस्सा तथा पूरा स्टूडियो जलकर खाक हो गया। बाद में दमकल गाड़ी भी वहां पहुंची और आग को पूरी तरह बुझाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि हम लोग को देखने के बाद विधायक प्रजापति घर के पीछे से दीवाल फांद कर भाग गया। परिवार वालों की माने तो इस घटना में लगभग 10 लाख रुपए से अधिक की क्षति हो चुकी है। प्रकाश कुमार अरुण ने बताया कि बुधवार की सुबह में विधायक प्रजापति के परिवार वाले उसका मानसिक इलाज के लिए रांची लेकर गए हैं।
यूट्यूबर ने घर के स्टूडियो में लगाई आग, पुलिस ने दीवार तोड़कर परिवार को बचाया; लाखों की क्षति

