सगमा (गढ़वा): संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान को लेकर सगमा प्रखंड में तैयारियां तेज हो गई हैं। वाराणसी के सिर गोवर्धनपुर से आ रहा कलश रथ 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) की शाम छह बजे झारखंड-उत्तर प्रदेश सीमा स्थित बिलासपुर में पहुंचेगा, जहां उसका भव्य स्वागत किया जाएगा।अभियान के सह संयोजक लक्ष्मण राम, मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार यादव, मंडल संयोजक निराजय बैठा एवं सह संयोजक राजेश बैठा ने बताया कि स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही करेंगे। कार्यक्रम की सफलता के लिए मंडल स्तर पर संयोजक और सह संयोजकों की जिम्मेदारी तय की गई है। कलश रथ यात्रा में भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, विधायक मंजू कुमारी, विधायक उज्ज्वल दास, अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष किसुन कुमार दास, पूर्व सांसद बृज मोहन राम सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

