धुरकी (गढ़वा): धुरकी थाना क्षेत्र के घघरी गांव निवासी एवं क्षेत्र के सम्मानित बुजुर्ग 90 वर्षीय जवाहीर प्रसाद यादव का शनिवार शाम करीब 6 बजे उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया। वे पिछले लगभग तीन वर्षों से पैरालिसिस (लकवा) की बीमारी से पीड़ित थे और घर पर ही उनका उपचार चल रहा था। शनिवार शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।
जवाहीर प्रसाद यादव अपने मिलनसार स्वभाव, सरल व्यक्तित्व और सामाजिक व्यवहार के कारण क्षेत्र में काफी सम्मानित थे। उनके निधन की खबर फैलते ही घघरी सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन, रिश्तेदार, शुभचिंतक और ग्रामीण उनके आवास पहुंचकर शोक-संतप्त परिवार को सांत्वना दे रहे हैं तथा दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि स्वर्गीय जवाहीर प्रसाद यादव का अंतिम संस्कार रविवार सुबह 10 बजे मालिया नदी के तट पर पूरे विधि-विधान के साथ किया जाएगा। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र ने एक सम्मानित एवं समाजप्रिय बुजुर्ग को खो दिया है।

