कांडी(गढ़वा):प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए वर्ग छह में 75 छात्राओं के नामांकन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्षा सूर्यवंती देवी ने की। बैठक में नामांकन प्रक्रिया, शिक्षा की गुणवत्ता, छात्राओं की उपस्थिति, चयन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों सहित विभिन्न शैक्षणिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अधिक से अधिक योग्य और जरूरतमंद छात्राओं के नामांकन को सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी, ताकि पात्र छात्राओं को योजना का वास्तविक लाभ मिल सके। नामांकन में योग्य एवं जरूरतमंद छात्राओं को प्राथमिकता देने पर विशेष सहमति बनी।
इससे पूर्व विद्यालय की छात्राओं द्वारा सभी आगंतुकों का फूल-माला एवं बुके देकर स्वागत किया गया। बैठक में थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम, प्रभारी कृषि पदाधिकारी शाहिद अंसारी, वार्डेन आर. उषा, कांडी पंचायत मुखिया विजय राम, समाजसेवी शशांक शेखर, बीपीओ रविंद्र कुमार मेहता, एसआई जूली टुडू, जिला पार्षद प्रतिनिधि दिनेश राम, बीआरपी सुनील कुमार, सीआरपी अरुण कुमार, प्रभु राम, मनीष कुमार, ननहक कुमार, प्रदीप राम, दिनेश कुमार, कामिनी देवी सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।

