कांडी(गढ़वा):प्रखंड संसाधन केंद्र कांडी में गुरुवार को मासिक गुरुगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह बैठक बीपीओ रविन्द्र कुमार मेहता के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक उपस्थित रहे। गुरुगोष्ठी के दौरान बीपीओ ने शिक्षकों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश देते हुए कार्यशैली में सुधार की सख्त हिदायत दी। बीपीओ ने कहा कि विद्यालय अनुश्रवण के दौरान यह पाया जा रहा है कि कुछ शिक्षक केवल उपस्थिति बनाकर विद्यालय से चले जा रहे हैं, जो गंभीर लापरवाही है। ऐसी आदतों में सुधार नहीं होने पर संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रखंड के सभी विद्यालयों में सुबह 9:15 बजे तक प्रार्थना सभा अनिवार्य रूप से पूर्ण होनी चाहिए और विद्यालयों का समय पर संचालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि अब तक प्रखंड के चार विद्यालयों द्वारा डहर ऐप के माध्यम से शिशु गणना शुरू नहीं की गई है, जिसे अनुशासनहीनता माना जाएगा। साथ ही बच्चों की छात्रवृत्ति हेतु ई-कल्याण पोर्टल, प्रोजेक्ट रेल परीक्षा की ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर प्रविष्टि तथा सावित्रीबाई फुले योजना के लंबित आवेदनों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। एफएलएन कार्यक्रम को कक्षा 1 और 2 में शत-प्रतिशत लागू करने, बच्चों की पूर्ण उपस्थिति सुनिश्चित करने और कक्षा कक्ष को प्रिंट-रिच बनाने पर भी जोर दिया गया। एमडीएम प्रभारी रामाकांत तिवारी ने चावल की तौल कर प्राप्ति करने तथा स्टॉक में किसी भी प्रकार की कमी न होने की सख्त हिदायत दी।बैठक में बीआरपी सुनील कुमार, लेखापाल राकेश रौशन तिर्की, सीआरपी धर्मेन्द्र कुमार दुबे, प्रभु राम, अरुण कुमार, मनोहर चौबे, एमआईएस प्रभारी मनीष कुमार सहित प्रखंड के कई शिक्षक उपस्थित थे।

