डंडई(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र में मैट्रिक परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मैट्रिक परीक्षा 3 फरवरी से शुरू होकर 17 फरवरी तक चलेगी। परीक्षा को कदाचार-मुक्त एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष व्यवस्था की गई है। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में आयोजित कराई जाएगी।मैट्रिक परीक्षा के लिए प्रखंड क्षेत्र में कुल तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय लवाही कला, उत्क्रमित उच्च विद्यालय जरही तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय तसरार शामिल हैं। इन तीनों परीक्षा केंद्रों पर कुल 1378 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जरही परीक्षा केंद्र पर 365, तसरार परीक्षा केंद्र पर 306 तथा लवाही परीक्षा केंद्र पर 707 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।कदाचार-मुक्त परीक्षा को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। तसरार परीक्षा केंद्र के लिए टीजीटी रियाज अंसारी को दंडाधिकारी, स्वस्तिका रानी को महिला पर्यवेक्षिका तथा डंडई थाना के एएसआई मुनेश्वर राम विरोधी को पुलिस बल के साथ प्रतिनियुक्त किया गया है। वहीं परीक्षा केंद्र जरही के लिए टीजीटी पंकज कुमार मिश्रा को दंडाधिकारी, टीजीटी सुनीता कुमारी सिंह को महिला पर्यवेक्षिका तथा डंडई थाना के एएसआई अनिल कुमार सिंह को पुलिस बल के साथ तैनात किया गया है। इसी प्रकार लवाही परीक्षा केंद्र के लिए टीजीटी जेनिश अंसारी को दंडाधिकारी, टीजीटी रूबी कुमारी को महिला पर्यवेक्षिका तथा थाना के एएसआई कृष्ण कुमार प्रसाद को पुलिस बल के साथ प्रतिनियुक्त किया गया है।
लवाही परीक्षा केंद्र पर 14 कमरों में परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है : केंद्राधीक्षक अमिताभ
इधर लवाही प्लस टू उच्च विद्यालय के केंद्राधीक्षक अमिताभ कुमार ने बताया कि परीक्षा की सभी तैयारियां विभाग द्वारा जारी गाइडलाइंस के अनुसार पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि कुल 14 कमरों में परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्र के आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी।

