डंडई(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र के तसरार पंचायत स्थित सुप्रसिद्ध जोगिया पहाड़ी शिव मंदिर परिसर में आयोजित भव्य मेले का उद्घाटन गढ़वा डीसी दिनेश कुमार यादव एवं विधायक अनंत प्रताप देव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के पश्चात दोनों जनप्रतिनिधियों ने भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
पर्यटन सर्किट से जुड़ेगा जोगिया पहाड़ी मंदिर: डीसी
मौके पर डीसी दिनेश कुमार यादव ने कहा कि जोगिया पहाड़ी मंदिर का धार्मिक आस्था के केंद्र का समग्र विकास कराया जाएगा। कहा कि जैसा की जानकारी मिल रहा है कि जोगिया पहाड़ी मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। स्थानीय लोगों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए मंदिर के धार्मिक एवं आधारभूत विकास के लिए प्रशासन सकारात्मक पहल करेगा।उन्होंने स्पष्ट कहा कि झारखंड सरकार पर्यटन स्थलों को विभिन्न श्रेणियों में सूचीबद्ध करती है और जोगिया पहाड़ी मंदिर को भी पर्यटन स्थल का दर्जा दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने मंदिर कमेटी को प्रेरित करते हुए कहा कि जनसहयोग से मंदिर के विकास कार्य निरंतर जारी रखें, प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
बुनियादी सुविधाओं का होगा विस्तार: विधायक
क्षेत्रीय विधायक अनंत प्रताप देव ने अपने संबोधन में कहा कि जोगिया पहाड़ी न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इसे पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि मंदिर परिसर तक पक्की सड़क, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप मंदिर को एक सुसंगठित धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना प्राथमिकता होगी। इस अवसर पर मंदिर कमेटी के सदस्यों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जोगिया पहाड़ी मंदिर को पर्यटन स्थल का दर्जा देने, मंदिर परिसर तक सड़क निर्माण, पेयजल सुविधा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की मांग रखी। इस मौके पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता ताहिर अंसारी जितेंद्र कुमार ठाकुर राम आशीष प्रसाद मंदिर कमेटी के कार्यकर्ता मृत्युंजय पांडेय अशोक कुमार तिवारी रघुनाथ विश्वकर्मा सहित काफी संख्या ग्रामीण और मंदिर कमेटी के सदस्य उपस्थित थे।

