डंडई(गढ़वा):प्रखंड अंतर्गत रारो पंचायत के नकछेदी घुटरा में राम मंदिर निर्माण को लेकर स्थानीय ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांव के विभिन्न टोले से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और मंदिर निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रमुख रूप से जिला परिषद सदस्य मोहन पासवान, मुखिया प्रतिनिधि जितेंद्र ठाकुर, बीडीसी अरविंद पासवान, प्रदीप पाठक समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक का संचालन समाजसेवी पप्पू यादव ने किया। बैठक के दौरान मंदिर निर्माण के लिए चंदा संग्रह, निर्माण कार्य की पारदर्शिता, पूजा-पाठ की नियमित व्यवस्था तथा भविष्य की सुविधाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। ग्रामीणों ने तन-मन-धन से सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई और कहा कि मंदिर निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता व सांस्कृतिक माहौल को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर मोहन पासवान ने कहा कि मंदिर निर्माण जैसे पवित्र कार्य में सभी लोगों का सहयोग जरूरी है।
क्षेत्र की बढ़ेगी पहचान:जितेंद्र ठाकुर
वहीं जितेंद्र ठाकुर ने बताया कि नकछेदी घुटरा ऊंचे एवं प्रमुख स्थान पर स्थित है, यहां मंदिर बनने से दूर-दूर से श्रद्धालु आएंगे और क्षेत्र की पहचान भी बढ़ेगी। उन्होंने भी हर संभव सहयोग देने की बात कही। बैठक के अंत में निर्माण कार्य को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने के लिए तीन अलग-अलग समितियों का गठन किया गया। ए टीम’में मोहन पासवान को अध्यक्ष, पप्पू यादव को सचिव तथा अरविंद पासवान को कोषाध्यक्ष बनाया गया। ‘बी टीम’ में मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष के रूप में जितेंद्र कुमार ठाकुर को जिम्मेदारी दी गई, जबकि युवा (सी) टीम में बेलवाटीकर निवासी जितेंद्र यादव को अध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा कई अन्य लोगों पर मुख्य ज़िम्मेदारी दी गई।

