डंडई प्रखंड मुख्यालय स्थित अंबेडकर चौक परिसर बुधवार को प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेला का उद्घाटन मुख्य अतिथि सह क्षेत्रीय विधायक अनंत प्रताप देव, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार, बीडीओ देवलाल करमाली, सीओ जयशंकर पाठक सहित अन्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद विधायक ने स्वास्थ्य मेला में लगे विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान आयुष और दंत विभाग के स्टॉल पर एक भी चिकित्सक मौजूद नहीं पाए गए। दोनों स्टॉल पूरे दिन खाली रहे, जिससे संबंधित रोगों से पीड़ित ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मजबूरी में उन्हें एलोपैथिक दवाइयों पर निर्भर होना पड़ा, जिससे अंग्रेजी दवा ओपीडी पर काफी भीड़ देखी गई। स्वास्थ्य मेला के दौरान चिकित्सक मनोज कुमार दास ने मरीजों की जांच कर दवा वितरण किया। इससे पहले विभागीय पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों को माला और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर चिकित्सीय परामर्श और दवा लेना शुरू किया। व्यवस्था और प्रचार-प्रसार को लेकर विधायक अनंत प्रताप देव ने नाराजगी जताते हुए चिकित्सा पदाधिकारी को फटकार भी लगाई। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य की जनता को निरोग रखने के उद्देश्य से प्रखंड स्तर पर स्वास्थ्य मेला आयोजित करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से 5 लाख रुपये तक इलाज की सुविधा मिलती थी, जबकि अब मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य कार्ड के तहत 10 लाख रुपये अतिरिक्त जोड़े गए हैं। इस तरह गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए कुल 15 लाख रुपये तक की सुविधा उपलब्ध है। विधायक ने लोगों से अपील की कि जिनका अब तक स्वास्थ्य कार्ड नहीं बना है, वे शीघ्र इसे बनवाएं। वहीं रात्रि सेवा को लेकर शिकायत मिलने पर विधायक ने प्रखंड अस्पताल में एक एमबीबीएस चिकित्सक की तत्काल नियुक्ति का निर्देश चिकित्सा पदाधिकारी को दिया। बीडीओ देवलाल करमाली ने अपने संबोधन में तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तंबाकू शरीर के लिए बेहद घातक है और इससे दूरी बनाना ही बेहतर है। इससे पूर्व चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र राम ने स्वास्थ्य मेला के उद्देश्य की जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम राज्य सरकार के निर्देश पर आयोजित किया गया है, ताकि ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। मौके पर डॉ. अनिल कुमार, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष तेज बहादुर सिंह, राजेश मेहता, कन्हाई प्रजापति, नंद गोपाल सिंह, जितेंद्र ठाकुर, अजय प्रसाद मंत्री, आफताब आलम, मनीरुद्दीन अंसारी, कन्हाई यादव, रंजन पासवान, हनीफ शेख, रामचंद्र सिंह, नेपाल राम सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

