Ranjan Yadav
सगमा (गढ़वा) प्रखंड अंतर्गत बैलिया गांव में छठवीं रजब शरीफ के पावन अवसर पर ख्वाजा गरीब नवाज उर्स का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर मिलादुन्नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की पाक महफिल सजाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की। महफिल की निगहबानी हजरत अल्लामा मौलाना अब्दुल कादिर साहब, हजरत अल्लामा मौलाना सरफराज साहब, हजरत अल्लामा मौलाना फैजान रजा पलामवी एवं हजरत अल्लामा मौलाना फैजान रजा कजरू ने की, जिनकी मौजूदगी से महफिल को विशेष रौनक मिली।महफिल को संबोधित करते हुए मौलानाओं ने सरकार ख्वाजा गरीब नवाज के बताए हुए रास्ते पर चलने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आपसी मोहब्बत, भाईचारा और मिलजुलकर रहने से ही समाज में अमन-चैन कायम किया जा सकता है। साथ ही सभी मौलानाओं ने देश में अमन, शांति और भाईचारे की सलामती के लिए विशेष दुआ की।उक्त आयोजन की जानकारी देते हुए सदर सादिक अंसारी ने बताया कि यह दिन बैलिया गांव के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि इसी अवसर पर गांव में मदरसा निर्माण की नींव रखी गई है, जिसका कार्य बहुत जल्द शुरू किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सादिक अंसारी, खजांची मुस्लिम अंसारी, सेक्रेटरी नसीम अंसारी, सरपरस्त इस्लामुद्दीन अंसारी सहित मुजम्मिल अंसारी, हकीम अंसारी, नसरुद्दीन अंसारी, अहमद अंसारी, अब्दुर्रहीम अंसारी, असमुद्दीन अंसारी, मुजाहिद अंसारी, अनवर अंसारी समेत कमेटी के तमाम सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

