कांडी(गढ़वा):स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को सुलभ मीडिया सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को कांडी प्रखंड मुख्यालय में कांडी मीडिया हाउस का विधिवत उद्घाटन किया गया। प्रखंड मुख्यालय स्थित जमा दो उच्च विद्यालय के सामने नवनिर्मित मीडिया हाउस का फीता काटकर उद्घाटन युवा समाजसेवी रजनीश रंजन दुबे उर्फ विकास दुबे, वरिष्ठ पत्रकार प्रिय रंजन विनोद, जिला पार्षद प्रतिनिधि दिनेश कुमार एवं पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि अनूप कुमार ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन समारोह के दौरान पत्रकारिता से सरकारी शिक्षक बने तीन पूर्व पत्रकार साथियों दुर्गेश कुमार सिंह, अमरेंद्र कुमार पंडित एवं वरुण कुमार शर्मा
को सहायक आचार्य बनने पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी रजनीश रंजन दुबे ने कहा कि सभी सम्मानित साथी अपने जीवन के नए दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करें, यही शुभकामना है।
मुख्य अतिथि ने उद्घाटन के दौरान कांडी निवासी दिवंगत पत्रकार आशुतोष रंजन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी कमी गढ़वा जिले में कभी पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और उन्हें समाज में व्याप्त समस्याओं, गरीब, असहाय और दबे-कुचले वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाना चाहिए। साथ ही सरकारी कार्यालयों में व्याप्त कुरीतियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्भीक होकर कलम चलाने का आह्वान किया।
वरिष्ठ पत्रकार प्रिय रंजन विनोद ने संपादक सम्राट पंडित हरि विष्णु पराड़कर के विचारों को उद्धृत करते हुए पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिला पार्षद प्रतिनिधि दिनेश कुमार ने कांडी मीडिया हाउस के उद्घाटन पर पत्रकारों और सहयोगियों को बधाई दी। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों को फूल-माला एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एसआई रौशन राम, अरविंद कुमार, इमामुद्दीन खान, पंकज कुमार, राम रंजन, विजय पाण्डेय, श्रवण राम, ब्रजेश पाण्डेय, अनूप कुमार सिंह, विवेक चौबे, दीपक कुमार सिंह, रूपेश पाण्डेय, विनोद प्रसाद, राजू कुमार, नन्हक कुमार, लालेश्वर चौबे, नंदू प्रसाद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

