गढ़वा: झारखंड हाई कोर्ट, रांची के माननीय न्यायमूर्ति श्री गौतम कुमार चौधरी से दशहरा के शुभ अवसर पर हवलदार प्रसिद्ध नाथ प्रजापति ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने न्यायमूर्ति महोदय को बाबा वंशीधर जी की प्रतिमा भेंट कर दशहरा की शुभकामनाएं दीं। प्रसिद्ध नाथ प्रजापति गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत सगमा अंचल के बीरबल गांव के निवासी हैं।यह मुलाकात रांची के डोरंडा स्थित न्यायमूर्ति के आवास पर हुई। दशहरा मिलन के दौरान दोनों के बीच विभिन्न विषयों पर अनौपचारिक बातचीत हुई। इस क्रम में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की सीजीएल परीक्षा से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इसमें अभ्यर्थियों की शिकायतों के संदर्भ में भी बातचीत की गई। प्रसिद्ध नाथ प्रजापति ने बताया कि उनके पुत्र चंदन प्रजापति के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए उन्होंने न्यायमूर्ति महोदय को आमंत्रित किया था। हालांकि, एक मामले में फैसला सुनाने की जिम्मेदारी के कारण वे समारोह में शामिल नहीं हो सके। मुलाकात के दौरान उन्होंने अपने बेटे और बहू की तस्वीर न्यायमूर्ति महोदय को दिखाई। इस पर उन्होंने नवदंपती को अपना आशीर्वाद दिया। प्रसिद्ध नाथ प्रजापति ने न्यायमूर्ति गौतम कुमार चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह और आशीर्वाद परिवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

