
घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत पर लगाई गई थी रोक, प्राक्कलन के साथ कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश
सगमा (गढ़वा):गढ़वा जिले के सगमा प्रखंड के मकरी गांव में निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सतीष भगत ने कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों के प्रति नाराजगी जताई है। निर्माण कार्य में कथित तौर पर घटिया सामग्री के इस्तेमाल को लेकर रोक लगाए जाने के बावजूद कार्य शुरू किए जाने पर बीडीओ ने संवेदक को फटकार लगाते हुए प्राक्कलन के साथ अपने कार्यालय में तलब किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते गुरुवार को सगमा प्रखंड विकास पदाधिकारी सतीष भगत ने निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र के भवन में घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत के बाद अगले आदेश तक निर्माण कार्य पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद संवेदक द्वारा संबंधित पदाधिकारी को सूचना दिए बिना निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया।
रोक के बावजूद निर्माण कार्य शुरू किए जाने की जानकारी मिलने पर बीडीओ ने नाराजगी जताई और संवेदक को अपने कार्यालय में उपस्थित होकर निर्माण कार्य से संबंधित प्राक्कलन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। अब इस मामले में निर्माण कार्य की गुणवत्ता, इस्तेमाल की जा रही सामग्री और निर्धारित मानकों के अनुपालन को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
अब देखना होगा कि जांच के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं और संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है।

