
धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत झुनका गांव में मरीज को लेकर जा रही एक बोलेरो और मवेशियों से लदे ट्रक के बीच टक्कर हो गयी हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना में ट्रक पर लदे चार मवेशियों की मौत हो गयी, जबकि ट्रक में सवार अथवा लदे अन्य मवेशियों को पुलिस ने सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में लिया. मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. घटना के संबंध में धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना प्राप्त होने के बाद एएसआई सैयद जुबेर अहमद के नेतृत्व में पुलिस बल को घटनास्थल पर भेजा गया. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच की तथा ट्रक की तलाशी ली.जांच के दौरान ट्रक में कुल 21 भैंस लदे पाए गये जिनमें चार मवेशियों की मौत हो चुकी थी. पुलिस के अनुसार, ट्रक संख्या UP 70 AT 8773 में मवेशियों को चोरी-छिपे लादकर ले जाया जा रहा था. मवेशियों के साथ निर्दयतापूर्वक व्यवहार किये जाने का भी आरोप लगाया गया है.पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. इस संबंध में एएसआई सैयद जुबेर अहमद के लिखित आवेदन के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. घटना के बाद पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

