दुद्धी ब्लॉक के धोरपा गांव निवासी नरेश यादव के पुत्र सिद्धनाथ यादव ने IERT प्रयागराज की प्रवेश परीक्षा में 379वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सीमित संसाधनों के बावजूद सिद्धनाथ ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के दम पर यह सफलता प्राप्त की। उनकी उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। परिजनों ने बताया कि सिद्धनाथ शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रहे हैं और उनका सपना एक सफल इंजीनियर बनकर समाज और देश की सेवा करना है। सफलता की खबर मिलते ही गांव के लोगों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। स्थानीय लोगों ने कहा कि सिद्धनाथ की मेहनत ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती। उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।

