केतार(गढ़वा):ताली मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सुनील कुमार पांडेय ने सोमवार को गढ़वा पॉक्सो कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।आरोपी शिक्षक पर एक नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप है।इस संबंध में 28 जून 2026 को केतार थाना में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत कांड संख्या 35/26 दर्ज की गई थी।मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी शिक्षक पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही थी।न्यायालय द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने और कोर्ट के आदेश पर 20 दिन पूर्व उसके घर व अन्य ठिकानों पर इश्हार चस्पा किए जाने के बाद पुलिस का शिकंजा और कस गया।थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी और केस इंचार्ज एसआई चंदन कुमार के नेतृत्व में चली सख्त कार्रवाई के कारण आरोपी के पास भागने का कोई रास्ता नहीं बचा,जिसके बाद उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया।पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।

