श्री बंसीधर नगर:भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को श्री बंसीधर नगर में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी समृद्धि, उन्नति और तेजस्वी जीवन की मंगलकामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा, सम्मान और सुख-दुःख में सदैव साथ निभाने का संकल्प लिया। रक्षाबंधन को लेकर पूरा श्री बंसीधर नगर त्योहार के रंग में रंगा नजर आया। नगर की मिठाइयों एवं राखियों की दुकानें आकर्षक ढंग से सजी हुई थीं। सुबह से ही बाजारों में लोगों की चहल-पहल रही और राखियों तथा मिठाइयों की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ती रही। जगह-जगह राखी के गीत बजने से वातावरण पूरी तरह उत्सवी नजर आया। बहनें अपने भाइयों के घर जाकर राखी बांधती नजर आईं, वहीं भाई भी अपनी बहनों के घर पहुंचकर राखी बंधवाते दिखे। पूजा-अर्चना और मिठाई खिलाने का सिलसिला देर तक चलता रहा। धार्मिक ग्रंथों में भी रक्षा-सूत्र को मंगल, रक्षा और कल्याण का प्रतीक बताया गया है। शास्त्रों में वर्णित रक्षा-सूत्र की परंपरा के पीछे प्रियजन की रक्षा, समृद्धि, उन्नति और तेजस्विता की मंगलकामना का भाव निहित है। इसी भावना के साथ रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को और मजबूत करता है।

