कांडी(गढ़वा):प्रखंड के 10 मेधावी बच्चों को झारखंड सरकार के वित्त मंत्री सह संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर की ओर से 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह राशि 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को दी जाएगी। विदित हो कि 14 अगस्त 2026 को दृष्टि यूथ ऑर्गेनाइजेशन की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह एवं मोटिवेशनल कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कांडी प्रखंड के 10वीं एवं 12वीं कक्षा के टॉप पांच-पांच विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की थी।
दृष्टि यूथ ऑर्गेनाइजेशन के प्रधान सचिव शशांक शेखर ने बताया कि प्रखंड से चयनित 10 विद्यार्थियों की सूची मंत्री के पास मिलकर दे दी गई है। चयनित विद्यार्थियों में 10वीं कक्षा से लव यादव पिता अवधेश यादव, ज्योति कुमारी पिता जयप्रकाश, जियाउल मुस्तफा पिता नूरुल इस्लाम, सन्नी कुमार मेहता पिता अजीत कुमार मेहता तथा रोहित साव पिता कन्हैया साव शामिल हैं। वहीं 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों में लक्ष्मी गुप्ता पिता अशोक प्रसाद, संदबर्ग गुप्ता पिता धनंजय गुप्ता, सुमन मेहता पिता परमेश्वर मेहता, फिदाउल मुस्तफा पिता नूरुल इस्लाम तथा शिवम कुमार पिता अजय कुमार का नाम शामिल है।सचिव शशांक शेखर ने वित्त मंत्री के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के पुरस्कार से बच्चों में आगे बेहतर करने का उत्साह बढ़ेगा और उनकी प्रतिभा को उचित सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि आर्थिक प्रोत्साहन मिलने से विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने तथा भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। वहीं मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कांडी जैसे सुदूरवर्ती क्षेत्र में प्रतिभा सम्मान एवं मोटिवेशनल कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दृष्टि यूथ ऑर्गेनाइजेशन की पूरी टीम की सराहना की।

