श्री बंशीधर नगर: बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल, सिरिया डोंगर में रक्षाबंधन के अवसर पर “राखी विद खाकी” थीम के तहत भावपूर्ण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पुलिस प्रशासन के प्रति सम्मान, विश्वास और भाईचारे की भावना विकसित करना था।
समारोह में मुख्य अतिथि श्री बंशीधर नगर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार एवं रमना थाना से जयप्रकाश गुप्ता उपस्थित रहे। छात्राओं ने अतिथियों का तिलक, पुष्पगुच्छ और स्वागत गीत के साथ अभिनंदन किया। इसके बाद मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। संगीत शिक्षक मुकेश कुमार ने सरस्वती वंदना एवं रक्षाबंधन गीत प्रस्तुत किया।कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधी। पुलिस अधिकारियों ने भी छात्राओं को उपहार देकर उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि “राखी विद खाकी” जैसे आयोजन पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम करने तथा विश्वास और अपनत्व बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन सुरक्षा के वचन का पर्व है। निदेशक मनीष सिंह, उपनिदेशक युवराज सिंह और प्राचार्य रविश प्रजापति ने भी कार्यक्रम की सराहना की। मंच संचालन उत्सव उमंग ने किया।

