श्री बंशीधर नगर(गढ़वा):धुरकी प्रखंड क्षेत्र के खुटिया पंचायत के खेल मैदान में रविवार को विश्व आदिवासी दिवस के शुभ अवसर पर पखवारा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और उनके अधिकारों को लेकर व्यापक चर्चा की गई। आयोजन के दौरान क्षेत्र के जाने-माने युवा समाज सेवी सह भवनाथपुर विधानसभा प्रत्याशी दीपक प्रताप देव मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत आदिवासी महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ की गई। इस दौरान आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और उनकी ऐतिहासिक विरासत की खूब सराहना की गई।
मौके पर युवा समाज सेवी दीपक प्रताप देव ने संस्कृति और अधिकारों पर जोर देते हुए आदिवासी समाज को संबोधित किया और कहा कि आदिवासी समाज हमेशा से प्रकृति का सच्चा संरक्षक रहा है। उन्होंने समाज के उत्थान, शिक्षा, स्वास्थ्य और जल-जंगल-जमीन के अधिकारों पर जोर देते हुए कहा कि आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और मूल जड़ों से जुड़ी रहे तथा अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक बने।

