मेराल(गढ़वा):रक्षाबंधन के पावन अवसर को खास बनाने के लिए झारखंड के गढ़वा जिले के मेराल प्रखंड अंतर्गत दुलदुलवा गांव निवासी उभरते भोजपुरी कलाकार कमलेश बिहारी विश्वकर्मा ने अपने नए रक्षाबंधन गीत ‘राखी’ को दर्शकों के बीच प्रस्तुत किया है। रक्षाबंधन से करीब एक सप्ताह पूर्व मंगलवार को नए एल्बम के लॉन्च होने के बाद कमलेश ने खुशी जाहिर करते हुए अपने प्रशंसकों और क्षेत्रवासियों से पूर्व की भांति प्यार, स्नेह और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की।
भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता, प्रेम और भावनाओं को समर्पित इस गीत को लेकर कलाकार और उनके चाहने वालों में खासा उत्साह है। कमलेश ने अपने नए गीत के माध्यम से रक्षाबंधन के पवित्र पर्व की भावनाओं को भोजपुरी संगीत के रंग में पिरोने का प्रयास किया है। गीत के माध्यम से भाई-बहन के बीच के उस अटूट रिश्ते को महसूस किया जा सकता है, जिसमें स्नेह, विश्वास और अपनापन जीवनभर कायम रहता है।
कमलेश बिहारी ने कहा कि कलाकार के लिए दर्शकों का प्यार और आशीर्वाद सबसे बड़ी पूंजी होती है। उन्होंने कहा कि भोजपुरी संगीत के क्षेत्र में लगातार बेहतर करने और अपनी कला के माध्यम से लोगों के दिलों तक पहुंचने का उनका प्रयास जारी रहेगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों और भोजपुरी संगीत प्रेमियों से ‘कमलेश बिहारी इंटरटेनमेंट’ पर नया रक्षाबंधन गीत देखने, पसंद करने, टिप्पणी करने और अधिक से अधिक साझा करने की अपील की।

