बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर-गढ़वा मुख्य मार्ग पर पाल्हे कला में स्थित ओवरब्रिज के पास दो बाईकों की आपस में हुई भिड़ंत में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना रविवार की शाम करीब पांच बजे की है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को इलाज के लिये तत्काल अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पूजा कुमारी 25 वर्ष पति श्रवण कुमार कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया।जबकि शेष घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घायलों में छत्तीसगढ़ के त्रिशूली सनावल के श्रवण कुमार कुशवाहा, उनकी पुत्री कार्तिक कुशवाहा एवं श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के जंगीपुर गांव निवासी दीपक कुमार के नाम शामिल हैं। घटना के संबंध में घायल श्रवण कुमार कुशवाहा ने बताया कि वह अपनी पत्नी पूजा कुमारी को बाईक से लेकर यहां बवासीर का इलाज कराने ब्लॉक मोड़ आया था।इलाज के बाद वापस गढ़वा लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक बाईक ने उनकी बाईक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। जिससे सभी लोग घायल हो गये। वहां मौजूद लोगों के अनुसार दीपक कुमार तेज रफ्तार में बाईक चला रहा था और रास्ते में कई लोगों को बचाते हुये श्रवण कुमार की बाईक में पीछे से टक्कर मार दिया, जिससे यह हादसा हुआ।दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एनएच के एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। श्रवण कुमार कुशवाहा ने बताया कि वह गढ़वा थाना क्षेत्र के पचपड़वा में किराये के मकान में रहते हैं और गढ़वा में पिछले दो वर्षों से सब्जी का दुकान लगाकर अपना एवं अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। उधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई में जुट गई।

