कांडी(गढ़वा): कांडी-मझिआंव मुख्य सड़क पर चोरांटी पहाड़ के समीप शनिवार देर शाम 17 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। कांडी पुलिस ने सड़क से पूर्व दिशा में करीब 100 गज दूर झाड़ी से युवक का शव बरामद किया। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया है। घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है।
मृतक की पहचान घटहुआं कला पंचायत के रतनगढ़ गांव निवासी जयनाथ यादव उर्फ सिपाही यादव के 17 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल के समीप से बिना नंबर का चावल लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया है। साथ ही ट्रैक्टर चालक रतनगढ़ निवासी बलि यादव, पिता राजेंद्र यादव को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है।
सड़क पर दुर्घटना या शव को हटाकर झाड़ी में फेंका गया?
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि युवक की मौत ट्रैक्टर की चपेट में आने से हुई, तो शव सड़क से करीब 100 गज दूर झाड़ी में कैसे पहुंचा? पुलिस ने शव को सड़क पर नहीं, बल्कि सड़क से काफी दूर झाड़ी से बरामद किया है। मृतक के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान बताए जा रहे हैं और उसका पूरा शरीर खून से लथपथ था। ऐसे में घटना की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं।
हालांकि, मौत दुर्घटना में हुई, हत्या हुई या घटना के पीछे कोई अन्य कारण है, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मृतक एक साल से ट्रैक्टर पर करता था मजदूरी
मृतक की मां इंद्रावती देवी ने बताया कि उनका बेटा पिछले करीब एक वर्ष से एफसीआई गोदाम से राशन ले जाने वाले ट्रैक्टर पर मजदूरी करता था। पुलिस द्वारा जब्त किया गया चावल लदा ट्रैक्टर जा रहा था। हालांकि, खाद्यान्न किस डीलर का था और ट्रैक्टर पर कितने बोरे चावल लदे थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
इस संबंध में एफसीआई गोदाम प्रभारी शाहिद अंसारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला।
मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल
आकाश बेहद गरीब परिवार से था। उसके परिवार में दो भाई और तीन बहनें हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है और परिजन टूटे-फूटे कच्चे मकान में रहते हैं। जवान बेटे की मौत के बाद मां इंद्रावती देवी और बहन सुनीता कुमारी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, सदमे में उसकी बहन बार-बार बेहोश हो रही थी।
एसपी-डीसी से जांच व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
पूर्व प्रमुख नारायण यादव ने मामले को गंभीर बताते हुए गढ़वा एसपी एवं उपायुक्त से घटना की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि युवक की मौत की परिस्थितियां संदिग्ध हैं। इसलिए पुलिस को घटनास्थल, जब्त ट्रैक्टर, चालक से पूछताछ, मोबाइल कॉल डिटेल एवं अन्य सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई हो।
आवेदन मिलते ही कार्रवाई करेगी पुलिस
इस संबंध में कांडी थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम ने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन प्राप्त होते ही पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही आकाश की मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा। घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब अब पुलिसिया जांच से ही सामने आएगा।

