विशुनपुरा उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय पिपरी कला में मुख्यमंत्री उन्नति का पहिया योजना के तहत कक्षा आठवीं के 55 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया। इनमें 44 छात्र और 11 छात्राएं शामिल हैं। साइकिल वितरण से पूर्व विद्यालय प्रबंधन की ओर से साइकिलों की जांच की गई। विद्यालय के अध्यक्ष गयासुद्दीन अंसारी ने साइकिलों को बारी-बारी से चेक किया। जांच के दौरान कई साइकिलों में पैडल के चेकनट नहीं होने, हैंडल के चेकनट ढीले होने तथा टायरों में हवा नहीं होने की बात सामने आई।बताया गया कि कुछ साइकिलों के हैंडल के चेकनट को हथौड़ी से मारकर जाम किया गया था। विद्यालय प्रबंधन द्वारा साइकिलों की स्थिति पर आपत्ति जताते हुए संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया गया। मामले को लेकर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी विवेक कुमार से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि साइकिल भेंडर से इस संबंध में बात हुई है। उन्होंने कहा कि प्रयास किया जाएगा कि आगे से वितरित होने वाली साइकिलों की गुणवत्ता और फिटनेस की जांच के बाद ही उनका वितरण कराया जाए। इस मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी से भी चर्चा की जाएगी। मौके पर साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान प्रखंड कल्याण पदाधिकारी विवेक कुमार, विद्यालय अध्यक्ष गयासुद्दीन अंसारी तथा प्रभारी प्रधानाध्यापक शशि प्रकाश रमन सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि भविष्य में विद्यार्थियों को वितरित की जाने वाली साइकिलें पूरी तरह दुरुस्त और उपयोग के योग्य होंगी, ताकि योजना का उद्देश्य सही मायने में पूरा हो सके।

