मेराल(गढ़वा):आस्था और श्रद्धा के केंद्र प्रसिद्ध मां सायर देवी धाम के प्रांगण में शुक्रवार को देवी धाम संचालन समिति की आपातकालीन बैठक अध्यक्ष विजय प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। बैठक में समिति के सचिव रविन्द्र प्रसाद ने अपरिहार्य व्यक्तिगत कारणों से अपने पद से इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद समिति के संविधान एवं नियमानुसार सर्वसम्मति से कृष्णा प्रसाद कुशवाहा को नया सचिव तथा विनोद चौधरी को उपसचिव मनोनीत किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों को समिति के लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। लोगों ने उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारी के साथ दोनों पदाधिकारी मां सायर देवी धाम के विकास, सौंदर्यीकरण और बेहतर संचालन को नई गति देंगे तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बैठक के बाद माहौल भावुक हो गया जब समिति के सक्रिय सदस्य रहे स्वर्गीय अशर्फी सिंह कुशवाहा, स्वर्गीय रामप्रीत ठाकुर एवं स्वर्गीय जगरनाथ महतो के निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। उपस्थित सदस्यों ने एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा धाम के प्रति उनके योगदान को याद किया। इसी क्रम में शिक्षक विनोद कुमार कुशवाहा ने अपने पिता स्वर्गीय अशर्फी सिंह कुशवाहा की स्मृति में देवी धाम परिसर में पौधरोपण के लिए पौधा समर्पित किया। मौके पर सभी ने सामूहिक रूप से पौधा लगाकर दिवंगत की स्मृति को हमेशा जीवंत रखने का संकल्प लिया। बैठक में मुख्य संरक्षक प्रेमचंद प्रसाद, संजय भगत, मनोज कुमार जायसवाल, मोतीचंद प्रसाद, बलराम कृष्ण शर्मा, महेंद्र प्रसाद, सुनील सिंह, दशरथ प्रसाद, राजेंद्र गुप्ता, रोहित कुमार, अरविंद सिंह, प्रमोद महाजन, रुपू महतो, सुनील कुमार मेहता, राजेश्वर प्रसाद सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

