श्री बंशीधर नगर(गढ़वा):नगर पंचायत चेयरमेन प्रतिनिधि रवि प्रकाश उर्फ बबलू प्रकाश ने छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व गृह मंत्री एवं दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद ताम्रध्वज साहू से उनके जन्मदिन के अवसर पर दुर्ग जिले के बोरीसी स्थित आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बाबा बंशीधर भगवान की आकर्षक एवं धार्मिक तस्वीर भेंट कर उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। रवि प्रकाश ने ताम्रध्वज साहू के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखद जीवन की कामना करते हुए कहा कि वे लंबे समय से जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित रहे हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को निरंतर प्रेरणा मिलती रही है। तस्वीर भेंट करते हुए रवि प्रकाश ने कहा कि बाबा बंशीधर भगवान की कृपा सभी पर बनी रहे तथा समाज में शांति, समृद्धि और भाईचारे का वातावरण कायम रहे। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच सामाजिक एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने और बाबा बंशीधर भगवान की पावन तस्वीर भेंट करने के लिए रवि प्रकाश का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस स्नेहपूर्ण सम्मान को अपने लिए विशेष बताया और सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

