विशुनपुरा(गढ़वा):सावन माह की पावन बेला में गुरुवार को विशुनपुरा प्रखंड पूरी तरह शिवमय हो उठा। ‘बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘बाबा नगरी चलो’ के गगनभेदी जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। जाठा बम के नेतृत्व में प्रखंड के करीब 150 कांवरिया श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में जलाभिषेक के लिए पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रवाना हुए। प्रस्थान से पूर्व सभी कांवरिया पोखरा चौक स्थित विष्णु मंदिर परिसर में एकत्रित हुए, जहां भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति, अच्छी वर्षा तथा जनकल्याण की कामना करते हुए भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। पूजा-अर्चना के उपरांत भगवा वस्त्र धारण किए कांवरियों ने कंधों पर कांवर और हाथों में भगवा ध्वज लेकर ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ नगर भ्रमण शुरू किया। कांवरियों का जत्था पोखरा चौक से निकलकर लाल चौक, अपर बाजार, चकचक मोड़ होते हुए गांधी चौक पहुंचा। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर, जयघोष के साथ कांवरियों का स्वागत किया। भक्तिमय माहौल और शिवभक्ति की गूंज से पूरा विशुनपुरा श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया। गांधी चौक पर समाजसेवी नवल किशोर गुप्ता की ओर से सभी कांवरियों के लिए शीतल पेय, जलपान एवं मिष्ठान की विशेष व्यवस्था की गई। उन्होंने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की तथा बाबा भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद देने की प्रार्थना की। इस अवसर पर कुंदन चौरसिया, बिनोद माली, शशि गुप्ता, उपेंद्र गुप्ता, अयोध्या प्रसाद, लक्ष्मी गुप्ता, भोला देव, दयाशंकर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।

